अर्थशास्त्र परिचय (2018-19 only) - प्रश्नोत्तर 1

CBSE कक्षा 12 परिचय
अर्थशास्त्र महत्त्वपूर्ण प्रश्नोत्तर

3-4 अंक वाले प्रश्न
प्र. 1. उत्पादन सम्भावना वक्र अवतल (नतोदर) क्यों होता है? समझाइए।
उत्तर- उत्पादन सम्भावना वक्र के नतोदर होने का अर्थ है कि जैसे-जैसे हम वक्र पर नीचे की ओर आते हैं, सीमांत रूपांतरण दर बढ़ती जाती है। सीमान्त रूपान्तरण दर इस मान्यता के आधार पर बढ़ती है कि कोई भी संसाधन सभी वस्तुओं के उत्पादन में समान रूप से सक्षम नहीं होता। जैसे-जैसे संसाधनों का एक वस्तु के उत्पादन से अन्य वस्तु के उत्पादन में हस्तान्तरण किया जाता है तो कम क्षमता वाले संसाधनों का प्रयोग करना पड़ता है। इससे लागत बढ़ती है और सीमान्त रूपान्तरण दर बढ़ती जाती है।
प्र. 2. एक उत्पादन सम्भावना वक्र की विशेषताएँ बताइए।
उत्तर- उत्पादन सम्भावना वक्र की दो मुख्य विशेषताएँ :
  1. उत्पादन सम्भावना सीमा का ढलान नीचे की ओर होता है- इसका कारण है कि उपलब्ध संसाधनों के उपयोग की स्थिति में दोनों वस्तुओं के उत्पादन को एक साथ नहीं बढ़ाया जा सकता है। एक वस्तु का उत्पादन तभी अधिक किया जा सकता है जब दूसरी वस्तु का उत्पादन कम किया जाए।
  2. मूल बिन्दु की ओर नतोदर होता है- इसका कारण यह है कि जैसे-जैसे हम एक वस्तु का अधिक उत्पादन करते हैं, सीमान्त रूपान्तरण दर बढ़ती जाती है।
प्र. 3. ‘क्या उत्पादन करें’ की समस्या की व्याख्या कीजिए।
उत्तर- एक अर्थव्यवस्था अपने दिए हुए संसाधनों से वस्तुओं और सेवाओं के विभिन्न सम्भव सम्मिश्रणों का उत्पादन कर सकती है। समस्या यह है कि अर्थव्यवस्था इन सम्मिश्रणों में से किस सम्मिश्रण का चयन करे। यह वस्तुओं व सेवाओं के चयन की समस्या है। यदि एक वस्तु का उत्पादन अधिक किया जाता है तो अन्य वस्तुओं के उत्पादन के लिए कम संसाधन बचेंगे। अतः अर्थव्यवस्था के समक्ष यह समस्या होती है कि किन-किन वस्तुओं का उत्पादन कितनी-कितनी मात्रा में किया जाए।
प्र. 4. ‘रूपान्तरण की सीमान्त दर’ क्या है? एक उदारहण की सहायता से समझाइए।
उत्तर- दो वस्तुएँ उत्पादित करने वाली अर्थव्यवस्था में एक वस्तु की अतिरिक्त इकाई उत्पादित करने के लिए दूसरी वस्तु की जितनी इकाईयों का त्याग करना पड़ता है उसे रूपान्तरण की सीमान्त दर कहते हैं। माना एक अर्थव्यवस्था केवल दो वस्तुओं x तथा y का उत्पादन करती है। जब संसाधनों का पूर्ण तथा कुशलतम प्रयोग किया जाता है, तो अर्थव्यवस्था में 1x + 10y उत्पादन होता है। यदि अर्थव्यवस्था 2x वस्तुओं का उत्पादन करना चाहती है तो y वस्तु का उत्पादन 2 इकाई कम करना पड़ता है। दूसरे शब्दों में x वस्तु की अतिरिक्त इकाई का उत्पादन करने के लिए 2y इकाई का त्याग करना पड़ेगा। रूपान्तरण की सीमान्त दर 2y : 1X होगी। {tex}MRT = \frac{{\Delta Y}}{{\Delta X}}{/tex}
प्र. 5. 'किस प्रकार उत्पादन किया जाए?’ की समस्या की व्याख्या कीजिए।
उत्तर- यह समस्या वस्तुओं और सेवाओं के उत्पादन में प्रयुक्त तकनीक के चयन की समस्या है। सामान्यतः तकनीकों को श्रम प्रधान तकनीक (अधिक श्रम और कम पूँजी) और पूँजी प्रधान तकनीक (अधिक पूँजी और कम श्रम) में वर्गीकृत किया जाता है। श्रम प्रधान तकनीक में अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध होता है, परन्तु उत्पादन पूँजी प्रधान तकनीक की तुलना में कम होता है। इसी प्रकार पूँजी प्रधान तकनीक में उत्पादन अपेक्षाकृत अधिक होता है, लेकिन रोजगार का स्तर अपेक्षाकृत कम होता है। अतः देश के समक्ष यह समस्या है कि वह उत्पादन के लिए किस तकनीक का चयन करें।
उदाहरण के लिए कपड़े का उत्पादन श्रम प्रधान तकनीक से भी हो सकता है, पूँजी प्रधान तकनीक से भी।
प्र. 6. सरकार ने उन श्रमिकों के लिए जो MNREGA के अंतर्गत कार्य कर रहे हैं, एक वर्ष के दौरान न्यूनतम रोजगार को 100 से बढ़ाकर 150 दिन कर दिया है। यह अर्थव्यवस्था के वास्तविक तथा संभावित उत्पादन स्तर को कैसे प्रभावित करेगा?
उत्तर- रोजगार में वृद्धि के कारण उत्पादन का वास्तविक स्तर बढ़ जाएगा। उत्पादन के संभावित स्तर में वृद्धि नहीं होगी। (या PPC में खिसकाव नहीं होगा) क्योंकि PPC इस मान्यता पर आधारित है कि विद्यमान संसाधनों का पूर्ण प्रयोग किया जाता है।
प्र. 7. ‘किसके लिए उत्पादन किया जाए’ केन्द्रीय समस्या समझाइए।
उत्तर- इस समस्या का सम्बन्ध उस वर्ग के लोगों के चयन से है जो अंततः वस्तुओं का उपभोग करेंगे। दूसरे शब्दों में इस समस्या का अर्थ है कि उत्पादन किस वर्ग को ध्यान में रखकर किया जाए-अमीर लोगों के लिए उत्पादन किया जाए या गरीब लोगों के लिए। स्पष्टतः वस्तुओं का उत्पादन उन लोागें के लिए किया जाता है जिनके पास क्रयशक्ति होती है। इस समस्या का सम्बन्ध उत्पादन के साधनों (भूमि, पूँजी, श्रम, साहस) के बीच आय के वितरण से भी है, जो कि उत्पादन प्रक्रिया में योगदान देते हैं।
प्र. 8. कारण बताते हुए निम्नलिखित तालिका पर आधारित उत्पादन सम्भावना के आकार पर टिप्पणी कीजिए :
वस्तु X (इकाई)
0
1
2
3
4
वस्तु Y (इकाई)
10
9
7
4
0
उत्तर-
वस्तु X (इकाई)
वस्तु Y (इकाई)
MRT
0
10
-
1
9
1Y : 1X
2
7
2Y : 1Χ
3
4
3Y : 1X
4
0
4Y : 1X
क्योंकि रूपान्तरण की सीमान्त दर (MRT) बढ़ रही है, उत्पादन सम्भावना वक्र PPC ऋणात्मक ढाल वाला होगा और मूल बिन्दु को नतोदर होगा।
प्र. 9. जम्मू और कश्मीर में आई बाढ़ का उसकी उत्पादन सम्भावना सीमा (वक्र) पर प्रभाव की व्याख्या कीजिए।
उत्तर- जम्मू और कश्मीर में आई बाढ़ से उसके संसाधनों को नुकसान होगा, उसमें कमी आएगी। परिणाम स्वरूप उसकी उत्पादन क्षमता में कमी होगी और उसका उत्पादन सम्भाना वक्र बायीं ओर खिसक जाएगा।

अर्थशास्त्र परिचय (2018-19 only) - प्रश्नोत्तर 2

CBSE कक्षा 12 परिचय
अर्थशास्त्र महत्त्वपूर्ण प्रश्नोत्तर

अति लघु उत्तर वाले प्रश्न (1 अंक)
प्र. 1. अर्थव्यवस्था को परिभाषित कीजिए।
उत्तर- ‘अर्थव्यवस्था वह प्रणाली है जो लोगों को जीविका अर्जित करने के साधन और जीविका प्रदान करती है।’
प्र. 2. संसाधनों की दुर्लभता का क्या अर्थ है?
उत्तर- संसाधनों की दुर्लभता से अभिप्राय उस स्थिति से है जिसमें किसी संसाधन की पूर्ति, उसकी माँग की तुलना में कम होती हैं।
प्र. 3. आर्थिक समस्या का अर्थ लिखिए।
उत्तर- आर्थिक समस्या असीमित आवश्यकताओं की संतुष्टि हेतु, वैकल्पिक उपयोग वाले दुर्लभ संसाधनों के उपयोग के चयन की समस्या है।
प्र. 4. MRT (सीमांत रूपान्तरण की दर) को परिभाषित कीजिए।
उत्तर- MRT एक वस्तु Y की इकाईयों का वह अनुपात है जिसे दूसरी वस्तु X की एक अतिरिक्त इकाई के लिए उत्पादन के लिये त्याग किया जाता है।
MRT=ΔYΔX
प्र. 5. अवसर लागत को परिभाषित कीजिए।
उत्तर- एक अवसर का चयन करने पर दूसरे सर्वश्रेष्ठ अवसर का किया गया त्याग अवसर लागत कहलाता है।
प्र. 6. सरकार ने विदेशी पूँजी को प्रस्तावित करना शुरु कर दिया है। PPC के संदर्भ में इसका आर्थिक मूल्य क्या है?
उत्तर- विदेशी पूँजी निवेश में वृद्धि से देश का उत्पादन बढ़ेगा और PPC दायीं ओर खिसक जाएगा।
प्र. 7. ‘संसाधनों की मितव्ययिता’ का क्या अर्थ है?
उत्तर- संसाधनों की मितव्ययिता का अर्थ उपलब्ध संसाधनों के सर्वश्रेष्ठ व कुशलतम उपयोग से है।

अर्थशास्त्र परिचय (2018-19 only) - प्रश्न-उत्तर 1

CBSE Class 12 समष्टि अर्थशास्त्र
NCERT Solutions
पाठ - 1 परिचय
  1. व्यष्टि अर्थशास्त्र और समष्टि अर्थशास्त्र में क्या अंतर है?
    उत्तर-
    व्यष्टि अर्थशास्त्रसमष्टि अर्थशास्त्र
    1. व्यष्टि अर्थशास्त्र व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक संबंधों अथवा आर्थिक समस्याओं का अध्ययन करता हैं।1. समष्टि अर्थशास्त्र संपूर्ण अर्थव्यवस्था के स्तर पर आर्थिक संबंधों अथवा आर्थिक समस्याओं का अध्ययन करता हैं।
    2. व्यष्टि अर्थशास्त्र मुख्यतः एक व्यक्तिगत फर्म अथवा उद्योग में उत्पादन तथा कीमत के निर्धारण से संबंधित हैं।2. समष्टि अर्थशास्त्र का संबंध मुख्यतः संपूर्ण अर्थव्यवस्था में कुल उत्पादन तथा सामान्य कीमत स्तर के निर्धारण से हैं।
    3. इसके मुख्य उपकरण माँग और पूर्ति है।3. इसके मुख्य उपकरण समग्र माँग व समग्र पूर्ति है।
    4. व्यष्टि अर्थशास्त्र के अध्ययन की यह मान्यता है कि समष्टि पर स्थिर रहते हैं। उदाहरणार्थ, जब हम फर्म या उद्योग से उत्पादन तथा कीमत के निर्धारण का अध्ययन करते हैं तो यह मान लिया जाता है कि बिल्कुल राष्ट्रीय उत्पादन स्थिर रहता है।4. समष्टि अर्थशास्त्र के अध्ययन की यह मान्यता हैं कि व्यष्टि पर स्थिर रहते हैं। उदाहरणार्थ, जब हम कुल राष्ट्रीय उत्पादन स्तर का अध्ययन करते हैं तो यह मान लिया जाता है कि आय का विवरण स्थिर रहता है।

  1. पूँजीवादी अर्थव्यवस्था की महत्त्वपूर्ण विशेषताएँ क्या हैं?
    उत्तर- पूँजीवादी अर्थशास्त्र की महत्त्वपूर्ण विशेषताएँ निम्नलिखित हैं-
     
    1. यहाँ एक बाज़ार संपंन्न होता है जो क्रेताओं तथा विक्रेताओं को जोड़ता हैं। यह बाज़ार स्वतंत्र माँग और पूर्ति के बलों से कार्यान्वित होता है।
    2. वस्तुओं तथा सेवाओं की कीमतें माँग तथा पूर्ति की बाज़ार शक्तियों द्वारा निर्धारित होती है।
    3. सरकार उत्पादकों तथा परिवारों के निर्णयों में कोई हस्तक्षेप नहीं करती हैं। अथवा हम कह सकते हैं कि सरकार माँग तथा पूर्ति की बाज़ार शक्तियों की स्वतंत्र अंतर्क्रिया में कोई हस्तक्षेप नहीं करती है। यह देश की कानून एवं व्यवस्था तथा प्रतिरक्षा के रख-रखाव पर अपना ध्यान केंद्रित करती है।
    4. अधिकारों के कारण पूँजी के संचय की अनुमति दी गई है। पूँजी उत्पादन के एक मुख्य साधन के रूप में उभरती हैं।
    5. उपभोक्ता (परिवार) प्रभुत्व होता है। वे अपनी आदतों एवं प्राथमिकताओं के अनुसार क्रय करते हैं तथा अपनी संतुष्टि को अधिकतम करते हैं उत्पादक उपभोक्ताओं द्वारा माँगी जाने वाली वस्तुओं तथा सेवाओं के उत्पादन के द्वारा अपने लाभों की अधिकतम करते हैं।

  1. समष्टि अर्थशास्त्र की दृष्टि से अर्थव्यवस्था के चार प्रमुख क्षेत्रकों का वर्णन करें।
    उत्तर-
    1. परिवार क्षेत्र- इसमें वस्तुओं तथा सेवाओं के उपभोक्ताओं को सम्मिलित किया जाता है। परिवार या गृहस्थ क्षेत्र उत्पादन के कारकों का स्वामी भी होता हैं।
    2. उत्पादक क्षेत्र- इनमें उन सबको सम्मिलित किया जाता है जो उत्पादन की क्रिया में लगे होते हैं। अर्थव्यवस्था की सभी उत्पादन करने वाली इकाइयाँ (या फर्मे) क्षेत्र में सम्मिलित होती हैं। वस्तुओं तथा  सेवाओं के उत्पादन हेतु फर्में उत्पादन के कारकों (भूमि, श्रम, पूँजी तथा उद्यमशील कौशल) की सेवाओं को परिवार क्षेत्र से भाड़े पर प्राप्त करती हैं।
    3. सरकारी क्षेत्र- कल्याणकारी एजेंसी के रूप में कार्य करता है जैसे-न्याय तथा कानून व्यवस्था को बनाए रखना, सुरक्षा तथा अन्य सार्वजनिक कल्याण संबंधी सेवाएँ। सरकार एक उत्पादक के रूप में भी कार्य करती हैं (जैसे-सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में वस्तुओं तथा सेवाओं का उत्पाद।)
    4. विदेशी क्षेत्र- इसे शेष विश्व क्षेत्र भी कहा जाता है। इस क्षेत्र का कार्य वस्तुओं का निर्यात एवं आयात करना तथा घरेलू अर्थव्यवस्था एवं विश्व के अन्य देशों के बीच पूँजी का प्रवाह करना है।

  1. 1929 की महामंदी का वर्णन करें।
    उत्तर- 1929 में महामंदी ने जन्म लिया जो 1933 तक बनी रही इस महामंदी ने विश्व के विकसित देशों को चूर-चूर कर दिया। इस महामंदी में उत्पादन था परन्तु खरीदने वाले नहीं थे। 1929-33 के दौरान संयुक्त राष्ट्र अमेरिका और यूरोपीय देशों के कुल उत्पादन तथा रोजगार के स्तरों में भारी गिरावट आई। इसका प्रभाव दुनिया के अन्य देशों पर भी पड़ा।
    1. कई कारखाने बंद हो गए तथा श्रमिकों को निकाल दिया गया।
    2. बेरोजगारी की दर 1929 से 1933 तक 3% से बढ़कर 25% तक हो गई।
    3. 1929-33 के दौरान संयुक्त राष्ट्र अमेरिका में समग्र निर्गत में लगभग 33% की गिरावट आई।
    इन परिस्थितियों में केन्ज की पुस्तक 'रोजगार, ब्याज एवं मुद्रा का सामान्य सिद्धान्त' 1936 में प्रकाशित हुई जिससे समष्टि अर्थशास्त्र जैसे विषय का उद्भव हुआ।

अर्थशास्त्र परिचय (2018-19 only) - प्रश्न-उत्तर 2

CBSE Class 12 व्यष्टि अर्थशास्त्र
NCERT Solutions
पाठ - 1 परिचय

  1. अर्थव्यवस्था की केन्द्रीय समस्याओं की विवेचना कीजिए।
    उत्तर- अर्थव्यवस्था की केन्द्रीय समस्याएँ इस प्रकार हैं-
    1. किन वस्तुओं का उत्पादन किया जाए और कितनी मात्रा में- प्रत्येक समाज को यह निर्णय करना होता है कि यह किन वस्तुओं का उत्पादन करें और कितनी मात्रा में। यदि एक प्रकार की वस्तुओं का उत्पादन अधिक किया जाए तो अर्थव्यवस्था में दूसरी प्रकार की वस्तुओं का उत्पादन कम हो सकता है तथा विपरीत। एक अर्थव्यवस्था को यह निर्धारित करना पड़ता है कि वह खाद्य पदार्थों का उत्पादन करे या मशीनों का, शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर खर्च करे या सैन्य सेवाओं के गठन पर, उपभोक्ता वस्तुएँ बनाए या पूँजीगत वस्तुएँ।
    2. वस्तुओं का उत्पादन कैसे करें- सभी वस्तुओं का उत्पादन कई तकनीकों द्वारा हो सकता हैं किसी वस्तु के उत्पादन में श्रम प्रधान तकनीक का प्रयोग करें या पूंजी प्रधान तकनीक का, यह निर्णय लेना होता हैं। इसके लिए निर्णायक सिद्धान्त यह है कि ऐसी तकनीक का प्रयोग करें, जिसका औसत उत्पादन लागत उत्पादन न्यूनतम हों।
    3. उत्पादन किसके लिए करें- अर्थव्यवस्था में उत्पादित वस्तुओं की कितनी मात्रा किसे प्राप्त होगी अर्थव्यवस्था के उत्पादन को व्यक्ति विशेष में किस प्रकार विभाजित किया जाए। यह आय के वितरण पर निर्भर करता है। यदि आय समान रूप से विभाजित होगी, तो वस्तुएँ और सेवायें भी समान रूप से विभाजित होंगी। निर्णायक सिद्धांत यह है कि वस्तुओं और सेवाओं को इस प्रकार वितरित करो कि बिना किसी को बद्तर बनाये किसी अन्य को बेहतर बनाया जा सके।

  1. अर्थव्यवस्था की उत्पादन संभावनाओं से आपका क्या अभिप्राय है?
    उत्तर- किसी अर्थव्यवस्था के संसाधनों का प्रयोग करके दो वस्तुओं के जिन भी संयोजनों का उत्पादन करना संभव है वे उत्पादन संभावनाएँ कहलाती हैं।

  1. सीमान्त उत्पादन संभावना क्या है?
    उत्तर- सीमान्त उत्पादन संभावना दो वस्तुओं के उन संयोगों को दर्शाती है, जिनका उत्पादन अर्थव्यवस्था के संसाधनों का पूर्ण रूप से उपयोग करने पर किया जाता है। यह एक वस्तु की एक अतिरिक्त इकाई प्राप्त करने की अवसर लागत है।

  1. अर्थव्यवस्था की विषय वस्तु की विवेचना कीजिए।
    उत्तर- अर्थव्यवस्था की विषय वस्तु बहुत व्यापक है। प्रो. रोबिन्स के अनुसार, "अर्थशास्त्र एक ऐसा विज्ञान हैं जो दुर्लभ संसाधनों जिनके वैकल्पिक उपयोग हैं के विवेकशील प्रयोग पर केन्द्रित हैं।"
    अर्थशास्त्र एक विषय वस्तु है जो दुर्लभ संसाधनों के विवेकशील प्रयोग पर इस प्रकार केन्द्रित है, जिससे कि हमारा आर्थिक कल्याण अधिकतम हो। अर्थशास्त्र के विषय वस्तु को दो भागों में वर्गीकृत किया गया है।
    1. व्यष्टि अर्थशास्त्र- यह आर्थिक समस्याओं तथा आर्थिक मुद्दों का अध्ययन व्यक्तिगत उपभोक्ता या व्यक्तिगत उत्पादक या उनके छोटे से समूह को ध्यान में रखकर करता है।
    2. समष्टि अर्थशास्त्र- समष्टि अर्थशास्त्र संपूर्ण अर्थव्यवस्था के स्तर पर आर्थिक समस्याओं और आर्थिक मुद्दों का अध्ययन करता है।
    • अर्थशास्त्र की विषय वस्तु
      • व्यष्टि अर्थशास्त्र
        1. उपभोक्ता का सिद्धान्त
        2. उत्पादक व्यवहार सिद्धान्त
        3. कीमत निर्धारण
        4. कल्याण अर्थशास्त्र
      • समष्टि अर्थशास्त्र
        • राष्ट्रीय आय तथा रोजगार
        • राजकोषीय और मौद्रिक नीतियाँ
        • अस्फीति तथा स्फीति
        • सरकारी बजट
        • विनिमय दर और भुगतान शेष

  1. केन्द्रीकृत योजनाबद्ध अर्थव्यवस्था तथा बाज़ार अर्थव्यवस्था के भेद को स्पष्ट कीजिए।
    उत्तर-
    बाज़ार अर्थव्यवस्थाकेन्द्रीकृत योजनाबद्ध अर्थव्यवस्था
    इस अर्थव्यवस्था में माँग और पूर्ति की शक्तियों की स्वतन्त्र अन्तक्रिया का पूर्ण वर्चस्व होता है।केंद्रीकृत योजनाबद्ध अर्थव्यवस्था इस अर्थव्यवस्था में माँग और पूर्ति की शक्तियों की स्वतन्त्र अन्तक्रिया का अभाव होता है।
    इसमें उत्पादन कारकों पर निजि स्वामित्व होता हैं।इसमें उत्पादन कारकों पर सरकारी स्वामित्व होता हैं।
    इसमें उत्पादन लाभ के उद्देश्य से किया जाता है।इसमें उत्पादन समाज कल्याण के उद्देश्य से किया जाता है।
    इसमें सरकार उत्पादकों और परिवारों के निर्णय में कोई हस्तक्षेप नहीं करती।इसमें सरकार उत्पादकों और परिवारों के निर्णय में हस्तक्षेप करती है।
    इसमें उपभोक्ता का प्रभुत्व होता है।इसमें उपभोक्ता की प्रभुता बाधित होती है।
    अधिकारों के कारण पूँजी के संचय की अनुमति दी गई है।यहाँ पूँजी के संचय की अनुमति नहीं दी गई है।
    संयुक्त राष्ट्र अमेरिका, फ्रांस, जापान आदि।चीन गणतन्त्र।
  1. व्यष्टि अर्थशास्त्र और समष्टि अर्थशास्त्र में अन्तर स्पष्ट कीजिए।
    उत्तर-
    बाज़ार अर्थव्यवस्थाकेन्द्रीकृत योजनाबद्ध अर्थव्यवस्था
    व्यष्टि अर्थशास्त्र के अन्तर्गत हम बाज़ार में विभिन्न वस्तुओं तथा सेवाओं के परिप्रेक्ष्य में विभिन्न आर्थिक अभिकर्ताओं के व्यवहार का अध्ययन करके यह जानना चाहते हैं कि इन बाज़ारों में व्यक्तियों की अन्तःक्रिया द्वारा वस्तुओं तथा सेवाओं की मात्राएँ और कीमतें किस प्रकार निर्धारित होती हैं।समष्टि अर्थशास्त्र में हम कुल निगत, रोजगार तथा समग्र कीमत स्तर आदि समग्र उपायों पर अपना ध्यान केन्द्रित करते हुए पूरी अर्थव्यवस्था को समझाने का प्रयास करते हैं। हम यह जानने का प्रयास करते हैं कि समग्र उपायों के स्तर किस प्रकार निर्धारित होते हैं और समय अनुसार उनमें किस तरह के परिवर्तन आते हैं।
    इसमें मुख्य उपकरण माँग और पूर्ति है।इसमें मुख्य उपकरण समग्र माँग और समग्र पूर्ति है।
    इसके अन्तर्गत निम्नलिखित का अध्ययन होता हैं।
    • उपभोक्ता व्यवहार का सिद्धांत
    • उत्पादक व्यवहार का सिद्धांत
    • कीमत निर्धारण
    • कल्याण अर्थशास्त्र
    इसके अन्तर्गत निम्नलिखित का अध्ययन होता है।
    • राष्ट्रीय आय रोजगार और समग्र कीमत स्तर
    • स्फीति और उपस्फीति
    • सरकारी बजट और नीतियाँ
    • विनिमय दर और भुगतान शेष

  1. सकारात्मक आर्थिक विश्लेषण से आपका क्या अभिप्राय हैं?
    उत्तर- सकारात्मक आर्थिक विश्लेषण के अन्तर्गत हम यह अध्ययन करते हैं कि विभिन्न कार्यविधियाँ किस प्रकार कार्य करती हैं।
    उदाहरणतः जब हम कहते हैं कि कीमत के बढ़ने से माँग की मात्रा कम हो जाती है और कीमत कम होने से माँग की मात्रा बढ़ जाती हैं तो यह सकारात्मक आर्थिक विश्लेषण है।
  1. आदर्शक आर्थिक विश्लेषण से आपका क्या अभिप्राय हैं?
    उत्तर- 
    आदर्शक आर्थिक विश्लेषण में हम यह समझाने का प्रयास करते हैं कि ये विधियाँ हमारे अनुकूल हैं भी या नहीं। उदाहरण के लिए जब हम कहते हैं कि सिगरेट और शराब की माँग कम करने के लिए उनके ऊपर कर की दरें बढ़ानी चाहिए तो यह आदर्शक विश्लेषण है।

अर्थशास्त्र परिचय (2018-19 only) - नोट्स 1

CBSE कक्षा 12 अर्थशास्त्र
पाठ - 1 परिचय

पुनरावृत्ति नोट्स

स्मरणीय बिन्दु-
  • अर्थशास्त्रियों ने आर्थिक सिद्धांत को मोटे रूप में दो शाखाओं में बाँटा है-व्यष्टिगत-अर्थशास्त्र और समष्टिगत-अर्थशास्त्र।
  • यदि हम किसी देश की अर्थव्यवस्था को संपूर्ण रूप से देखें तो हम पाएँगे कि अर्थव्यवस्था में सभी वस्तुओं और सेवाओं के निर्गत के स्तरों में एक साथ संचलन की प्रवृत्ति होती है।
  • यदि किसी अर्थव्यवस्था के विभिन्न उत्पादन इकाइयों से समस्त निर्गत का स्तर, कीमत स्तर या रोजगार का स्तर एक-दूसरे से निकट संबंधित हो, तो संपूर्ण अर्थव्यवस्था का विश्लेषण कार्य अपेक्षाकृत आसान हो जाता है।
समष्टि अर्थशास्त्र का उद्भव
  • विश्व में 1930 से पहले परंपरावादी अर्थशास्त्रियों की विचारधारा प्रचलित व मान्य थी कि 'अर्थव्यवस्था में सदा पूर्ण रोजगार की स्थिति पाई जाती है।' परंतु 1929-33 की विश्वव्यापी महामंदी की घटना ने परंपरावादी मान्यता को चूर-चूर कर दिया।
  • मंदी के कारण अमेरिका व अन्य विकसित देशों के उत्पादन आय व रोजगार में आई भारी गिरावट का परंपरावादी जवाब नहीं दे सके। मंदी की ऐसी गंभीर स्थिति ने अर्थशास्त्रियों को व्यष्टि की बजाय समष्टि स्तर पर सोचने को मजबूर कर दिया।
  • तभी 1936 में इंग्लैंड के प्रसिद्ध अर्थशास्त्री जे. एम. केन्स ने अपनी पुस्तक 'रोजगार ब्याज और मुद्रा का सामान्य सिद्धांत' प्रकाशित की जिसमें उन्होंने परंपरावादी सिद्धांत की आलोचना करते हुए एक नया वैकल्पिक सिद्धांत प्रतिपादित किया। जिसे केन्स का सिद्धांत या (समष्टि सिद्धांत) कहते हैं। अतः जे. एम. केन्स को समष्टि अर्थशास्त्र का पिता कहा जाता है।
समष्टि अर्थशास्त्र की वर्तमान पुस्तक का संदर्भ


  • इस पुस्तक में हम प्रायः पूँजीवादी अर्थव्यवस्था की कार्यप्रणाली का ही अध्ययन करेंगे। अतः इससे विकासशील देशों की कार्यप्रणाली को पूर्ण रूप से शामिल करना संभव नहीं होगा।
  •  
  • समष्टि अर्थशास्त्र में अर्थव्यवस्था को परिवार, फर्म, सरकार और बाह्य क्षेत्रक इन चार क्षेत्रकों के संयोग के रूप में देखा जाता है।

अर्थशास्त्र परिचय (2018-19 only) - नोट्स 2

CBSE कक्षा 12 अर्थशास्त्र
पाठ - 1 परिचय

पुनरावृत्ति नोट्स

स्मरणीय बिन्दु-
  • मनुष्य की आवश्यकताएं उपलब्ध साधनों की तुलना में कहीं अधिक होती हैं।
  • यह संसाधनों की दुर्लभता को जन्म देता हैं। संसाधनों की दुर्लभता जीवन का एक ऐसा सत्य है जिसने अर्थशास्त्र को जन्म दिया है।
  • संसाधन केवल दुर्लभ नहीं होते, उनके वैकल्पिक प्रयोग भी होते हैं।
  • इससे चयन की समस्या उत्पन्न होती हैं। चयन की समस्या (Problem of choice) दुर्लभ संसाधनों के वैकल्पिक प्रयोगों के आबंटन से संबंधित हैं।
अर्थशास्त्र की परिभाषा
  • अर्थशास्त्र दुर्लभता की स्थिति में चयन से संबंधित व्यवहार का अध्ययन हैं।
  • दूसरे शब्दों में, अर्थशास्त्र एक विषय है, वस्तु है जो दुर्लभ संसाधन जिनके वैकल्पिक उपयोग हैं के विवेकशील प्रयोग पर केन्द्रित हैं जिससे आर्थिक कल्याण अधिकतम हों।
व्यष्टि अर्थशास्त्र तथा समष्टि अर्थशास्त्र
  • व्यष्टि अर्थशास्त्र- यह आर्थिक सिद्धान्त की वह शाखा हैं जिसके अन्तर्गत अर्थव्यवस्था की व्यक्तिगत इकाइयों का अध्ययन किया जाता हैं। उदाहरण-व्यक्तिगत उपभोक्ता का संतुलन, उद्योग का संतुलन, व्यक्तिगत वस्तु या साधन का कीमत निर्धारण व्यक्तिगत माँग, एक फर्म का उत्पादन आदि।
  • प्रो. बोल्डिंग (Prof. Boulding) के अनुसार, "व्यष्टि अर्थशास्त्र व्यक्तिगत फर्म, व्यक्तिगत गृहस्थ, व्यक्तिगत कीमत, व्यक्तिगत आय, व्यक्तिगत उद्योगों व व्यक्तिगत वस्तुओं का अध्ययन करता है।" केन्द्रीय समस्याएँ-क्या उत्पादन किया जाए, कैसे उत्पादन किया जाये, किसके लिए उत्पादन किया जाए, की आर्थिक समस्या का समाधान व्यष्टि अर्थशास्त्र के अन्तर्गत किया जाता है।
    • व्यष्टि अर्थशास्त्र का क्षेत्र
      1. राष्ट्रीय आय
      2. उत्पादक व्यवहार
      3. कीमत निर्धारण
      4. कल्याण अर्थशास्त्र
      5. वितरण के सिद्धांत
  • समष्टि अर्थशास्त्र- यह आर्थिक सिद्धान्त की वह शाखा है जो संपूर्ण अर्थव्यवस्था का एक इकाई के रूप में अध्ययन करता है। उदाहरण-सामान्य कीमत का स्तर, रोजगार का स्तर, विभिन्न आर्थिक चरों का अंर्तसंबंध समग्र माँग, राष्ट्रीय आय आदि।
  • यदि व्यष्टि अर्थशास्त्र को वृक्ष कहा जाए तो समष्टि अर्थशास्त्र को वन कहा जा सकता है।
    • समष्टि अर्थशास्त्र का क्षेत्र
      • राष्ट्रीय आय
      • रोजगार मुद्रा
      • सामान्य कीमत स्तर
      • निर्धनता, मुद्रास्फीति, सरकारी बजट, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार आदि
अर्थव्यवस्था के अर्थ-
  • अर्थव्यवस्था से आशय एक क्षेत्र की उन सब उत्पादन इकाइयों के समूह से है जिनमें लोग रोजी कमाते हैं।
  • प्रो. ब्राउन (Prof. Brown) के अनुसार, "अर्थव्यवस्था एक ऐसी प्रणाली है जो लोगों को जीविका प्रदान करती है।"
  • जब हम भारतीय अर्थव्यवस्था को संदर्भित करते हैं तो इससे अभिप्राय भारत की घरेलू सीमा में स्थित सभी उत्पादन इकाइयों के समूह से होता है जिनके द्वारा उत्पादन, उपभोग, निवेश, विनिमय, आदि की आर्थिक क्रियाएँ दिखती रहती हैं।
अर्थव्यवस्था की मूल क्रियाएँ-
  • उत्पादन
  • उपभोग
  • निवेश
आर्थिक समस्या-
  1. आर्थिक समस्या मूल रूप से चयन की समस्या है जो संसाधनों की दुर्लभता के कारण उत्पन्न होती है।
  2. चूंकि मानव आवश्यकताएँ असीमित होती हैं और उन्हें पूरा करने के साधन सीमित होते हैं इससे चुनाव की समस्या उत्पन्न होती है।
  3. प्रो. एरिक रोल (Prof. Erick Roll) के अनुसार, "आर्थिक समस्या निश्चित रूप से चयन की आवश्यकता से के दोहन की समस्या है।"
आर्थिक समस्या उत्पन्न होने के कारण-
  • मानव आवश्यकताएँ असंख्य हैं।
  • इन आवश्यकताओं की पूर्ति के साधन सीमित हैं।
  • संसाधनों के वैकल्पिक उपयोग हैं।
अर्थव्यवस्था की केन्द्रीय समस्याएँ-
  • क्या उत्पादन किया जाए? (वस्तुओं का चयन)
  • कैसे उत्पादन किया जाए? (तकनीक का चयन)
  • किसके लिए उत्पादन किया जाए? (वस्तुओं अथवा आय के वितरण की समस्या)
  • विभिन्न अर्थव्यवस्थाओं में केन्द्रीय समस्याओं का समाधान
बाज़ार अर्थव्यवस्था
  • बाज़ार अर्थव्यवस्था एक ऐसी अर्थव्यवस्था होती है, जिसमें उत्पादन कारकों (Factors of production) पर निजी स्वामित्व होता है तथा उत्पादन लाभार्जन के उद्देश्य से किया जाता है।
  • ऐसी अर्थव्यवस्था में क्या उत्पादन किया जाए, कैसे उत्पादन किया जाए तथा किसके लिए उत्पादन किया जाए इन आर्थिक समस्याओं का समाधान मांग और पूर्ति की शक्तियों पर निर्भर करता है।
केन्द्रीय योजनाबद्ध अर्थव्यवस्था
  • केन्द्रीय योजनाबद्ध अर्थव्यवस्था एक ऐसी अर्थव्यवस्था होती हैं, जिसमें उत्पादन कारकों पर सरकार का स्वामित्व होता है तथा उत्पादन सामाजिक कल्याण के उद्देश्य से किया जाता है।
  • ऐसी अर्थव्यवस्था में क्या उत्पादन किया जाए, कैसे उत्पादन किया जाए तथा किसके लिए उत्पादन किया जाए का निर्णय केन्द्रीय सत्ता द्वारा लिया जाता है।
मिश्रित अर्थव्यवस्था
  • मिश्रित अर्थव्यवस्था में, बाज़ार तथा केन्द्रीय योजनाबद्ध अर्थव्यवस्था दोनों के गुण शामिल होते हैं। इसमें सरकारी व निजी क्षेत्र दोनों सहअस्तित्व रखते हैं। माँग एवं पूर्ति के बलों द्वारा लिये जाते हैं।
  • इसमें सरकारी क्षेत्र के निर्णय सरकारी/केन्द्रीय सत्ता द्वारा लिये जाते हैं, जबकि निजी क्षेत्र के निर्णय कीमत तंत्र अर्थात् माँग एवं पूर्ति के बलों द्वारा लिए जाते हैं।
उत्पादन संभावना वक्र/उत्पादन संभावना सीमा-
  • उत्पादन संभावना वक्र वह वक्र है जो दिए हुए संसाधनों तथा उत्पादन की तकनीक के आधार पर दो वस्तुओं के उत्पादन की वैकल्पिक संभावनाओं को प्रकट करता है।
  • इस उत्पादन सभावना सीमा भी कहा जाता हैं।
  • इसे रूपांतरण रेखा या रूपांतरण वक्र भी कहते हैं।
    उदाहरणः
    उत्पादन संभावनागेहूं (टन में)मशीनें (हज़ारों में)सीमान्त अवसर लागत
    A
    B
    C
    D
    E
    F
    150
    140
    120
    90
    50
    0
    0
    10
    20
    30
    40
    50
    -
    10:10
    20:10
    3:10
    4:10
    50:10
  • तालिका दर्शाती है कि यदि सभी संसाधनों को गेहूँ के उत्पादन में लगाया जाये तो 150 टन गेहूँ का उत्पादन हो सकता है।
  • यदि सभी संसाधनों की मशीनों के उत्पादन में लगाया जाये तो 50 हज़ार मशीनों का उत्पादन हो सकता हैं।
  • इनके मध्य में कई संभावनाएँ और भी हैं। इसे नीचे दिये गये वक्र द्वारा दर्शाया गया हैं।
उत्पादन संभावना की विशेषताएँ/आकार-
  • यह वक्र नीचे की ओर ढालू होता है।
    नीचे की ओर ढालू बायें से दायें होता है। इसका कारण यह है कि साधन सीमित होने के कारण यदि एक वस्तु का अधिक मात्रा में उत्पादन किया जाता है तो दूसरी वस्तु के उत्पादन की मात्रा में कमी करनी होती है।
  • यह वक्र नतोदर (Concave) होता हैं।
    मूल बिन्दु की ओर नतोदर होता है। इसका कारण बढ़ती हुई सीमांत अवसर लागत (MOC) है। अर्थात एक वस्तु का उत्पादन बढ़ाने के लिए दूसरी वस्तु की इकाइयों का त्याग बढ़ती दर पर करना पड़ता है।
  • उत्पादन सम्भावना वक्र का दायीं ओर खिसकाव संसाधनों में वृद्धि तथा तकनीकी प्रगति को दर्शाता है।
  • उत्पादन संभावना वक्र का बायीं ओर खिसकाव संसाधनों में कमी तथा तकनीकी अवनति को दर्शाता है।
  • उत्पादन सम्भावना वक्र उन सभी कारणों से दाई ओर खिसकेगा जिनसे अर्थव्यवस्था की उत्पादन क्षमता व संसाधनों की मात्रा तथा कुशलता में सुधार होता है।
  • सीमांत विस्थापन दर एक वस्तु की त्यागी जाने वाली इकाइयों तथा अन्य वस्तु की बढ़ाई गई एक अतिरिक्त इकाई का अनुपात है।
    MRT=ΔYΔX
    सीमांत विस्थापन दर को सीमांत अवसर लागत भी कहते हैं क्योंकि वस्तु की एक अतिरिक्त इकाई बढ़ाने के लिए दूसरी वस्तु की त्यागी गई इकाईयाँ ही अतिरिक्त लागत होती है।
  • जब MOC बढ़ती है तो PPF मूल बिन्दु के नतोदर होता है। जब MOC घटती है तो PPF मूल बिन्दु के उन्नतोदर होता है। जब MOC स्थिर होती है तो PPF ऋणात्मक ढ़ाल वाली एक सरल रेखा होती है।
  • एक अवसर का चयन करने पर दूसरे सर्वश्रेष्ठ अवसर का किया गया त्याग अवसर लागत कहलाता है। इसे सर्वश्रेष्ठ विकल्प की लागत भी कहा जाता है।
  • उत्पादन संभावना सीमा (PPF) दो वस्तुओं के उन सभी संयोगों को दर्शाता है जिनका उत्पादन एक अर्थव्यवस्था अपने दिए हुए संसाधनों तथा तकनीकी स्तर का प्रयोग करके कर सकती है, यह मानते हुए कि सभी संसाधनों का पूर्ण एवं कुशलतम उपयोग हो रहा है।
  • संसाधनों के मितव्ययी प्रयोग से अभिप्राय संसाधनों के सर्वश्रेष्ठ व कुशलतम प्रयोग से है।
उत्पादन संभावना वक्र में खिसकाव (Shift in PPC) तथा इसके बिन्दु-

  • दाई ओर खिसकाव के कारण-
    1. संसाधन में वृद्धि
    2. तकनीकी प्रगति
    3. कौशल भारत अभियान (प्रशिक्षण)
    4. सर्व शिक्षा अभियान (शिक्षा)
    5. स्वच्छ भारत अभियान (स्वास्थ्य)
    6. योगा प्रसार योजनाएँ (स्वास्थ्य)
    7. बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओं (शिक्षा)
    8. भारत में बनाइए (निवेश)
    9. विदेशी पूँजी में वृद्धि (विदेशी निवेश)
  • बाई ओर खिसकाव के कारण-
    1. संसाधनों में कमी
    2. तकनीकी अवनीति
    3. प्राकृतिक आपदा (बाढ़, भूकंप, सुनामी, सुखा आदि)
    4. सामाजिक कुरीतियाँ
    5. प्रवास
    6. युद्ध
    7. आतंकवाद
  • PPC में कोई परिवर्तन नहीं-
    1. संसाधनों का स्थनांतरण
    2. बेरोजगारी उन्मूलन कार्यक्रम
सकारात्मक तथा आदर्शात्मक आर्थिक विश्लेष्ण
  • सकारात्मक (वास्तविक) आर्थिक विश्लेषण: इसको अन्तर्गत यथार्थ (वास्तविकता) का अध्ययन किया जाता है। इसमें क्या था? क्या है? जैसे वास्तविक कथनों का विश्लेषण सत्यता के आधार पर किया जाता है। उदाहरण के लिए भारत की जनसंख्या 1951 में कितनी थी? वर्तमान में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की संख्या कितनी है। इन कथनों की जाँच संभव होती है।
  • आदर्शात्मक आर्थिक विश्लेषण: इसमें 'क्या होना चाहिए' से सम्बन्धित विश्लेषण किया जाता है। इसमें आदर्शात्मक परिस्थितियों का अध्ययन किया जाता है। इसकी प्रकृति सुझाव देने की है। उदाहरण के लिए भारत में आय व धन की असमानताओं को कम करने के लिए सरकार को अमीर लोगों पर अधिक कर लगाने चाहिए, गरीबों को आर्थिक सहायता देनी चाहिए। इन कथनों की जाँच संभव नहीं होती।
merq